News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

वेनेजुएला में भूकंप से हर तरफ तबाही, हताहतों की संख्या 1,719 पहुंची, हजारों लोग अब भी लापता

काराकास (वेनेजुएला), 30 जून । दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के उत्तरी छोर पर स्थित वेनेजुएला में पांच दिन पहले आए दो भूकंपों से भारी विनाश हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़कर 1,719 हो गई है। 5,034 लोग घायल हैं और हजारों लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। आफ्टरशॉक और क्षतिग्रस्त इमारतों के कारण अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल असेंबली अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने सोमवार को बताया कि अब तक कम से कम 1,719 लोगों की मौत हो चुकी है। 5,034 लोग घायल हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। सनद रहे 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप बुधवार शाम आए थे। इनके झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी महसूस किए गए। इन्हें पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आए सबसे विनाशकारी भूकंप माना जा रहा है।

रोड्रिग्ज ने बताया कि अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे का कहना है कि इस बात की 44 प्रतिशत संभावना है कि मरने वालों की कुल संख्या 10,000 या उससे ज्यादा हो सकती है। उन्होंने कहा कि इन झटकों से कम से कम 22,619 लोग प्रभावित हुए हैं। कम से कम 855 इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें से 189 पूरी तरह ढह गईं। उन्होंने कहा कि बुधवार को भूकंप आने के बाद से 609 आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटके) आए हैं। इनमें से एक झटका आज सुबह कई लोगों ने महसूस किया।

राहत कार्यों में मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय सहायता समूह वेनेजुएला पहुंच गए हैं। इस आपदा के बाद कई बेघर हुए लोगों के पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। सबसे ज्यादा तबाही ला गुएरा राज्य, राजधानी काराकास और आसपास के इलाकों में हुई है। इजराइल की आपदा राहत टीम मंगलवार को वेनेजुएला के लिए रवाना होगी। यह घोषणा इजराइल के विदेश मंत्रालय ने की।

इस टीम में मंत्रालय के सदस्यों के साथ-साथ इजराइल के होम फ्रंट कमांड के बचावकर्मी भी शामिल होंगे। बाद में नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट अथॉरिटी के विशेषज्ञ भी इसमें शामिल होंगे। वेनेजुएला के लिए यह सहायता इजराइल के लिए अहम है, क्योंकि दोनों देशों के बीच कई सालों से कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं।

काराकास में अधिकारी बुनियादी ढांचों को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए “ट्रैफिक लाइट” सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हैं। काराकास में मौजूद चाकाओ मेयर ऑफिस ने भूकंप से हुए नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है। यह काम खासकर लॉस पालोस ग्रांडेस इलाके में किया जा रहा है।

इसके लिए वे ट्रैफिक लाइट सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिन इमारतों पर हरा निशान है, वे रहने लायक हैं। पीला निशान मध्यम नुकसान को दर्शाता है और लाल निशान इसका प्रतीक है कि इमारत में अंदर जाना सुरक्षित नहीं है।

वेनेजुएला में नुकसान हर जगह दिख रहा है। इमारतों के बाहरी हिस्सों में दरारों से लेकर सड़कों पर पड़ी बड़ी-बड़ी दरारों तक। जरूरी जांच-पड़ताल होने तक कुछ इलाके और इमारतें आम लोगों के लिए बंद रखी गई हैं।वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि विशेषज्ञ ला गुएरा, मिरांडा और काराकास में यह पता लगाने के लिए मौजूद हैं कि क्या घर रहने लायक हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी बेघर हुए लोगों के लिए नए घर बनाने की योजनाएं भी तैयार कर रहे हैं।

खोज और बचाव अभियान के दौरान कुछ खुशी के पल भी देखने को मिले। मसलन एक नवजात शिशु और तीन दिनों से फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकालना। अधिकारियों को उम्मीद है कि विदेशी मदद और बचाव कर्मियों के आने से मानवीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। सैटेलाइट रडार डेटा पर आधारित एक रिपोर्ट के अनुसार, नासा के रिसर्चर्स का अनुमान है कि मध्य और उत्तरी वेनेज़ुएला में आए दो भूकंपों से लगभग 58,870 इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गईं। इस रिपोर्ट में भूकंप के असर का पता लगाने के लिए यूरोपियन स्पेस एजेंसी के सेंटिनल-1 सैटेलाइट के रडार का इस्तेमाल किया गया। बताया गया है कि यह ओरेगन यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स कोरी शेर और जैमन वैन डेन होएक का तेज और शुरुआती आकलन है।

Leave a Reply