News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान

चतरा, 24 जून । अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय चतरा की ओर से जिले के विभिन्न क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों में खेल प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों के बीच ओलंपिक मूल्यों, खेल भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में फुटबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले के उन खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चतरा तथा झारखंड का नाम रोशन किया है। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त साधन भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक दिवस हमें खेलों के माध्यम से एकता, शांति और उत्कृष्टता के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहकर मेहनत करने की जरूरत है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले, राज्य और देश का गौरव बढ़ा सकें।

Leave a Reply