नारायण विहार थाने में बच्चों ने जाना पुलिस का कामकाज, बाल विवाह के खिलाफ दिया जागरूकता संदेश
जयपुर, 23 जून । जयपुर दक्षिण जिले के नारायण विहार थाना परिसर में सोमवार को बच्चों और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने तथा उन्हें कानून के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाधिकारी गुंजन सोनी की पहल पर एक स्थानीय गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से जुड़े बच्चों को थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई। थानाधिकारी गुंजन सोनी एवं थाना स्टाफ ने बच्चों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, थाने के विभिन्न अनुभागों, लॉकअप तथा पुलिस अधिकारियों की दैनिक कार्यशैली से परिचित कराया। पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
डिजिटल सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। उन्हें ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया और इंटरनेट उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, सामुदायिक सेवा और नए आपराधिक कानूनों के बारे में सरल भाषा में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत बाल विवाह विरोधी नाट्य रूपांतरण रहा। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे बच्चों के भविष्य पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहा तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर थानाधिकारी गुंजन सोनी ने सभी बच्चों को चॉकलेट, नाश्ता और अन्य उपहार वितरित किए। बच्चों ने कहा कि इस भ्रमण के बाद पुलिस के प्रति उनकी धारणा बदली है और अब वे पुलिस को अपना मित्र मानते हैं।