पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में बारिश का दौर जारी, चूरू सहित कई जिलों में झमाझम वर्षा
जयपुर, 23 जून । राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को चूरू सहित प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। चूरू में हुई तेज वर्षा के बाद सड़कों पर पानी भर गया और कई दुकानों व मकानों में पानी घुसने की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग के अनुसार पिलानी, चूरू, श्रीगंगानगर, संगरिया, झुंझुनूं, दौसा सहित अन्य स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक 19 मिलीमीटर बारिश डीडवाना में रिकॉर्ड की गई। बारिश के बावजूद प्रदेश के छह शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं जोधपुर में न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। पाली में भी रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 24 जून को भी मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में वर्षा गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। वहीं राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस सिरोही में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी जयपुर में मंगलवार को बादलों के बीच धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से जयपुर में रुक-रुक कर हो रही छिटपुट बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से विशेष राहत नहीं मिल पा रही है।