लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड : अभाविप ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
लखनऊ, 22 जून । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में कई विद्यार्थियों की दर्दनाक मृत्यु एवं अनेक विद्यार्थियों के घायल होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अभाविप ने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। शिक्षा ग्रहण करने पहुंचे विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय काल-कवलित होना सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निगरानी एवं नियामकीय तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है। प्रथम दृष्टया यह घटना अग्नि सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी, नियमित निरीक्षण की कमी तथा संबंधित संस्थान एवं प्रशासनिक तंत्र की गंभीर लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती है।
इस दुःखद घटना के उपरांत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी प्रकार की आपात सहायता, जानकारी, समन्वय अथवा आवश्यक सहयोग के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक अभाविप के हेल्पलाइन संपर्क सूत्र 9455172336, 9616418823, 8887583224, 8577046002 एवं 9454595537 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभाविप ने जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश सहित देशभर में संचालित हजारों कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, भवन मानकों एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति गंभीर चिंता का विषय है।
अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि, “अलीगंज में हुई यह दुःखद घटना पूरे विद्यार्थी समाज को झकझोर देने वाली है। अभाविप इस दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी विद्यार्थियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अवध प्रांत के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि, “लखनऊ में हुई यह दर्दनाक घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदार तंत्र की विफलता का परिणाम प्रतीत होती है। विद्यार्थियों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।”