News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

अशोकनगर को नहीं भूले पूर्व कलेक्टर आदित्य सिंह, सेवानिवृत्त कर्मचारी को सौंपे अपने सम्मान

अशोकनगर, 12 जून । मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर के पूर्व कलेक्टर एवं आईएएस अधिकारी आदित्य सिंह एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और कर्मचारियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। जिले से स्थानांतरण के बाद भी उन्होंने अशोकनगर से अपने जुड़ाव को कायम रखा है। हाल ही में उन्होंने कलेक्ट्रेट की निर्वाचन शाखा में कार्यरत रहे सेवानिवृत्त सुपरवाइजर रज्जाक खान को भोपाल बुलाकर सम्मानित किया और अपने कार्यकाल के दौरान प्राप्त पुरस्कार उन्हें सौंप दिए।

आदित्य सिंह का अशोकनगर में कार्यकाल प्रशासनिक उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों के लिए याद किया जाता है। उनके नेतृत्व में जिले ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। विशेष रूप से निर्वाचन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में जिले को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली थी।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व आदित्य सिंह ने स्वयं फोन कर रज्जाक खान को भोपाल स्थित अपने कार्यालय बुलाया। मुलाकात के दौरान उन्होंने रज्जाक खान का आत्मीय स्वागत किया, परिवार का हालचाल जाना और निर्वाचन कार्यों में उनके योगदान की सराहना की।

रज्जाक खान ने बताया कि आदित्य सिंह ने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट प्रशासनिक एवं निर्वाचन कार्यों के लिए प्राप्त सम्मान और पुरस्कार उन्हें सौंपते हुए कहा कि इन उपलब्धियों के वास्तविक हकदार पूरी टीम और विशेष रूप से वे कर्मचारी हैं, जिन्होंने निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है।

पूर्व कलेक्टर द्वारा अपने अधीनस्थ रहे कर्मचारी को इस प्रकार सम्मानित किए जाने की घटना प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे एक ऐसे उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है, जहां पद और प्रतिष्ठा से ऊपर उठकर टीम भावना, सहयोग और कर्मठता का सम्मान किया गया।

रज्जाक खान ने इस अवसर को अपने जीवन का यादगार क्षण बताते हुए कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा वर्षों बाद भी सहयोगियों को याद रखना और उनकी भूमिका को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना अत्यंत प्रेरणादायक है।

Leave a Reply