बूथ स्तर की मजबूती से ही संगठन होगा सशक्त : बड़कुंवर
पश्चिमी सिंहभूम, 12 जून । पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा है कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत बनाने और आम लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। गागराई शुक्रवार को जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुमारडुंगी प्रखंड के डाक बंगला परिसर में आयोजित भाजपा की बीएल-2 कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर खड़ा संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी रीढ़ की हड्डी के समान है। यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होगा तो पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि बीएल-2 पदाधिकारियों की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और पार्टी के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।
पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक गतिशील बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना होगा।
कार्यशाला में जामशेदपुर महानगर प्रभारी बबन गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बीएल-2 पदाधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ प्रबंधन और पार्टी विस्तार की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमारडुंगी मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु ने की।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाठ पिंगुवा, जिला मंत्री पवन शर्मा, मझगांव मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत, मंझारी मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गोप, तांतनगर मंडल अध्यक्ष योगेश सवैया, बेबी सिंपल पिंगुवा, विजय सिंह पिंगुवा, महेंद्र प्रसाद गोप, गुरुचरण बांकीरा सहित पांचों प्रखंडों के अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थेे।