शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में मुनाफावसूली का रुख, ऊपरी स्तर से फिसले सेंसेक्स और निफ्टी
नई दिल्ली, 12 जून । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मुनाफा वसूली होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी और आई, लेकिन इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से दोनों सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। राहत की बात यही रही की बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद दोनों सूचकांक लगातार मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.78 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एविएशन 3.16 प्रतिशत, एटरनल 2.59 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.97 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 1.94 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 1.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ओएनजीसी 1.58 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.23 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.08 प्रतिशत, कोल इंडिया 0.81 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजी 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,745 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,356 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 389 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर पांच शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 876.72 अंक की मजबूती के साथ 74,709.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक उछल कर 74,859.16 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 691.55 अंक की तेजी के साथ 74,524.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 250.95 अंक उछल कर 23,412.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 23,455.95 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 181.75 की बढ़त के साथ 23,343.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 150.63 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,832.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 53.35 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,161.60 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।