News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

सुलतानपुर : दीवार गिरने से वृद्ध की मौत

सुलतानपुर, 02 जून । उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के अखंड नगर थाना क्षेत्र स्थित सेलहूपारा गांव में एक दीवार गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की है।

अखंड नगर थाना क्षेत्र के सेलहूपारा गांव में फूलचंद यादव (60) सोमवार रात अपने घर के छप्पर में सो रहे थे। रात में किस समय और कैसे दीवार गिरी, इसका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह जब उनकी पत्नी कांति उन्हें जगाने गईं, तो उन्होंने फूलचंद को दीवार के मलबे में दबा हुआ पाया।

पत्नी की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे से फूलचंद को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

फूलचंद यादव अपने पीछे 52 वर्षीय पत्नी कांति और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके बड़े बेटे वीरेंद्र यादव (22) स्नातक हैं। बेटी प्रिया यादव स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं, और दूसरी बेटी प्रज्ञा यादव कक्षा 10 में पढ़ रही हैं। फूलचंद खेती-किसानी का काम करते थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी कांति मानसिक रूप से बीमार रहती हैं।

कादीपुर के सीओ विनय गौतम ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राहुल नगर चौकी इंचार्ज कन्हैया कुमार पांडे भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Leave a Reply