सांसद रत्न सम्मान से हिमाचल गौरवान्वित, अनुराग ठाकुर के नेतृत्व और कार्यशैली की भाजपा नेताओं ने की सराहना
हमीरपुर, 25 मई । भाजपा नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर को दूसरी बार “सांसद रत्न सम्मान” मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा, बडसर विधायक इंद्र दत लखनपाल तथा हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा ने संयुक्त बयान जारी कर अनुराग ठाकुर को बधाई दी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह सम्मान अनुराग ठाकुर की दीर्घकालिक संसदीय प्रतिबद्धता, प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी गंभीर सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमेशा संसद में तथ्यों और नीतिगत विषयों पर गंभीर चर्चा को प्राथमिकता दी, जिसके कारण उन्हें एक प्रभावशाली और जिम्मेदार सांसद के रूप में पहचान मिली है।
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजिंदर सिंह राणा ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपने सार्वजनिक जीवन में युवाओं, नवाचार, डिजिटल इंडिया, खेल संस्कृति और पारदर्शी प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए अनुराग ठाकुर ने देशभर में खेल अवसंरचना को मजबूत करने, फिट इंडिया अभियान को जनआंदोलन बनाने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाई।
राणा ने कहा कि अनुराग ठाकुर की कार्यशैली हमेशा परिणाम आधारित रही है, जिसके चलते उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में विशेष सम्मान और पहचान प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि सांसद रत्न सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि अनुराग ठाकुर भविष्य में भी संसद और देशहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे तथा युवाओं और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।