News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

अनूपपुर: बिजुरी में नाबालिग युवती और चश्मदीद की मौत के मामले में भाजपा ने की जांच की मांग

अनूपपुर, 24 मई । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की संदिग्ध मौत एवं घटना के चश्मदीद गवाह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सत्त दल भारतीय जनता पार्टी ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अनूपपुर भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में तीन पूर्व जिला अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारियों ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार तथा पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को एक पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा ने पत्र में उल्लेख किया गया है कि बिजुरी निवासी नाबालिग युवती की 20 मई 2026 को गंभीर रूप से घायल अवस्था में शासकीय चिकित्सालय बिजुरी में मृत्यु हो गई थी। मृतका के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने इस घटना को सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या का मामला बताया है।

भाजपा नेताओं ने अपनी सरकार की पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना का प्रत्यक्षदर्शी गवाह की 23 मई 2026 को बोरिडांड रेलवे स्टेशन के पास मृत अवस्था में मिला, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय जन समुदाय एवं परिजनों को इस मौत में भी हत्या की आशंका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले को सामान्य घटना बताकर लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिनों पूर्व भी नगर में इसी प्रकार की घटना हो चुकी है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता में भय का वातावरण बना हुआ है। इस पत्र के माध्य म से मांग की गई हैं कि बिजुरी थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता का कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

Leave a Reply