News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

महिला से चेन स्नैचिंग करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

हल्द्वानी , 20 मई । पुलिस ने महिला से चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक व अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गया था। इस मामले में तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम निवासी श्रीमती नीता शाह ने 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार सुरागरसी, तकनीकी साक्ष्य संकलन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की।

पुलिस की जांच में आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम पुत्र विशम्बर दयाल निवासी खना गोटिया, थाना सीबीगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने 19 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे 310 मोटरसाइकिल, एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई, वहीं अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी सीबीगंज बरेली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मामलों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।

इतना ही नहीं, आरोपी पूर्व में गुजरात पुलिस और रुद्रपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में भी घायल हो चुका है, जिसमें उसके पैर में गोली लगी थी।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपेंद्र मेहता, उपनिरीक्षक आरती सहित एस आओजी और पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

Leave a Reply