News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

बुलंदशहर : पुलिस-मुठभेड़ में 25 मुकदमों वाला बदमाश हिमांशु घायल

बुलंदशहर, 19 मई । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जसर बम्बे की पुलिया के पास का है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, करीब 400 ग्राम चांदी और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र पुत्र प्रह्लाद निवासी ग्राम सियाली नगर, थाना अहार, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि हिमांशु ने अपने साथियों के साथ मिलकर 25 मार्च को चामुंडा माता मंदिर अमरगढ़ और 23 अप्रैल को सिद्धबाबा मंदिर, गांव चंडोक में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उसके अन्य साथियों को पुलिस पहले ही चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपित का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित का इलाज चल रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply