भोपाल में निगम-मंडल पदाधिकारियों की विशेष ट्रेनिंग आज, मुख्यमंत्री बताएंगे अधिकार और जिम्मेदारियां
भोपाल, 18 मई । मध्य प्रदेश में हाल ही में नियुक्त निगम, मंडल, बोर्ड, प्राधिकरण और आयोगों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों के लिए आज सोमवार को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मंत्री दर्जा प्राप्त इन पदाधिकारियों की ट्रेनिंग अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल में सुबह 9 बजे से शुरू होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग, वित्त विभाग और अटल बिहारी वाजपेयी संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न विषयों पर प्रजेंटेशन देंगे। इस कार्यक्रम में कुल 63 नवनियुक्त गैर-सरकारी पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। ट्रेनिंग दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर 18 विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। ये अधिकारी निगम-मंडलों के संचालन, वित्तीय प्रबंधन, शासन प्रक्रिया, नीतियों, अधिकारों, दायित्वों और जिम्मेदारियों से जुड़ी जानकारी विस्तार से देंगे।
दरअसल, हाल ही में कुछ अध्यक्षों द्वारा पदभार ग्रहण के दौरान निकाली गई वाहन रैलियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले में बीजेपी नेतृत्व की नाराजगी भी सामने आई थी। इसके बाद पार्टी ने भिंड किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह ठाकुर को पद से हटा दिया, जबकि पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर को नोटिस जारी कर उनके अधिकार फिलहाल सीमित कर दिए गए हैं। भविष्य में ऐसी स्थितियों से बचने और पदाधिकारियों को प्रशासनिक मर्यादाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। साथ ही विभागीय मंत्रियों और अधिकारियों के साथ किसी प्रकार के टकराव की स्थिति न बने, इसके लिए भी अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को उनके अधिकारों और सीमाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।