News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

हिमाचल के 51 शहरी निकायों में 69.16 फीसदी मतदान, हमीरपुर सबसे आगे

शिमला, 17 मई । हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान में कुल 69.16 फीसदी वोट पड़े। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के जरिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदेश भर में कुल 3 लाख 62 हजार 25 मतदाताओं में से 2 लाख 50 हजार 391 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आयोग ने कहा कि मतदान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

जिला स्तर पर देखें तो हमीरपुर में सबसे ज्यादा 78.89 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद शिमला में 77.36 फीसदी और ऊना में 77 फीसदी मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान सोलन जिले में 64.20 फीसदी रहा। बिलासपुर में 72.06 फीसदी, मंडी में 71.23 फीसदी, चंबा में 68.22 फीसदी, कुल्लू में 67.80 फीसदी, कांगड़ा में 67.34 फीसदी और सिरमौर में 67.24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश की सबसे छोटी नगर परिषद श्री नैना देवी जी में सबसे ज्यादा करीब 86 फीसदी मतदान हुआ। नगर परिषदों और नगर पंचायतों में कुल मतदान प्रतिशत 72.42 फीसदी रहा। इन निकायों में कुल 2 लाख 30 हजार 656 मतदाता थे, जिनमें से 1 लाख 67 हजार 49 लोगों ने मतदान किया। वहीं नगर निगमों में कुल मतदान प्रतिशत 63.44 फीसदी दर्ज किया गया। नगर निगम क्षेत्रों में 1 लाख 31 हजार 369 मतदाताओं में से 83 हजार 342 लोगों ने वोट डाले। नगर निगमों में कांगड़ा में 63.72 फीसदी, मंडी में 68.78 फीसदी और सोलन में 58.32 फीसदी मतदान हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए 21 अप्रैल को अधिसूचना जारी की गई थी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुल 1426 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से 32 नामांकन पत्र खारिज किए गए जबकि 1394 नामांकन पत्र सही पाए गए। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख के बाद 237 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे। इसके बाद कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए।

आयोग के मुताबिक 47 नगर परिषदों और नगर पंचायतों की मतगणना प्रक्रिया जारी है और इनके नतीजे रविवार को ही घोषित किए जाएंगे। वहीं चार नगर निगमों की मतगणना और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया 31 मई को पूरी होगी।

Leave a Reply