News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Sports

देहरादून में 22 मई से शुरू हाेगा 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप टूर्नामेंट, दस लाख के प्रथम पुरस्कार के लिए भिड़ेंगी 16 टीमें

देहरादून, 17 मई । देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप टूर्नामेंट 22 मई से 7 जून तक खेला जाएगा। रोमांचक टूर्नामेंट में देशभर की टीमों के साथ-साथ नेपाल की टीम भी भाग ले रही है। इसके लिए 16 टीमें चार ग्रुपों में मैच खेलेंगी।

देहरादून में एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने रविवार काे पत्रकारों काे बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ गोल्ड कप ट्रॉफी (प्रतिलिपि) दी जाएगी, जबकि उप विजेता टीम को 7 लाख रुपये और ट्रॉफी मिलेगी। इसके अलावा हर मैच का मैन ऑफ द मैच 5,000 रुपये और पूरे टूर्नामेंट का ’मैन ऑफ द सीरीज’ एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा। उन्होंने बताया कि क्वार्टर फाइनल से नॉकआउट फॉर्मेट रहेगा। ज्यादातर मैच डे-नाइट खेले जाएंगे। दो मैच ’अल्फा क्रिकेट स्टेडियम, गणेशपुर’ में खेले जाएंगे। शेष मैच ’महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज’ और ’राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम’ में होंगे।

उन्होंने बताया कि ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, सहगल क्रिकेट क्लब, ’ग्रुप बी में दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, ओडिसा क्रिकेट एसोसिएशन, इंडियन रेलवे, ग्रुप सी में त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, ए एंड एस कोलकाता बंगाल व ग्रुप डी में गोवा क्रिकेट एसोसिएशन, केरला क्रिकेट एसोसिएशन, एल.बी. शास्त्री क्रिकेट क्लब व नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन खेलेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता, अधिशासी सचिव डॉ. जेएस सचान, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र बाजपाई, कुमार थापा, दीपक जोशी, संतोष गैरोला, संदीप सिंह रावत, देवेन्द्र सती, इन्दीवर सरल, एमसी शाह, पीसी. कोठारी, डीके शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply