News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

विधायक सरयू राय ने भुईयाडीह–मानगो पुल निर्माण का किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

पूर्वी सिंहभूम, 15 मई । विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को भुईयाडीह के लिट्टी चौक से मानगो एनएच-33 को जोड़ने वाले स्वर्णरेखा नदी पर निर्माणाधीन पुल और फोरलेन सड़क परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण कंपनी के अभियंताओं को कार्य की गति तेज करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद जितेन्द्र साव, स्थानीय नागरिक राजा राम, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और निर्माण एजेंसी के अधिकारी भी मौजूद थे।

स्थानीय लोगों ने विधायक से निर्माण कार्य में हो रही देरी की शिकायत की। इस पर अभियंताओं ने बताया कि पुल का शिलान्यास वर्ष 2024 में किया गया था, लेकिन डिज़ाइन में बदलाव के कारण कार्य में विलंब हुआ।

सरयू राय ने बताया कि पहले पुल का अंतिम खंभा मानगो की ओर नदी के भीतर प्रस्तावित था, जिसे तकनीकी सुझाव के बाद किनारे पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। इस संशोधित डिज़ाइन को स्वीकृति मिलने में लगभग एक वर्ष का समय लग गया, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो सका। वर्तमान में नदी के दोनों ओर पिलर निर्माण का कार्य जारी है।

विधायक ने कहा कि मानसून आने से पहले नदी के बीच बनने वाले खंभों की नींव तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त मशीनें और मजदूर लगाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से मानगो क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और डोबो से लेकर गालूडीह–घाटशिला तक विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Leave a Reply