News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पलामू के पंडवा में रेलकर्मी के घर सेंधमारी कर लाखों की चोरी

पलामू, 11 मई । पलामू जिले के पंडवा थाना क्षेत्र के गाड़ीखास गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक रेलकर्मी के घर की दीवार में छेद कर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित रेलकर्मी के पिता बीरबल मेहता ने सोमवार को पंडवा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके दोनों पुत्र रेलवे में कार्यरत हैं, जिनमें एक बरवाडीह और दूसरा रांची में तैनात है। घटना के समय घर में केवल वे और उनकी पत्नी मौजूद थे।

बीरबल मेहता के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे जब वे बाथरूम के लिए उठे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था, जबकि उनकी पत्नी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। शक होने पर उन्होंने जब घर के अन्य कमरों की जांच की तो वहां सामान बिखरा पड़ा मिला। घर में रखे बक्से और सूटकेस गायब थे, जबकि दीवान पलंग का बॉक्स खुला पाया गया।

जांच में सामने आया कि चोरों ने मुख्य दरवाजे की छिटकिनी के पास दीवार में छेद कर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, नथिया पिन, चांदी के पायल, कटोरा, बिछिया, बेरा सहित लगभग 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

वारदात के बाद चोरों ने बक्से और सूटकेस को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में फेंक दिया। पुलिस ने जांच के दौरान नदी किनारे से बालू में दबे हुए सूटकेस और बक्से बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।————-

Leave a Reply