News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सूरजपुर : मिठाई, बेकरी और फल दुकानों का हुआ निरीक्षण, देव होटल से 8 किलो खराब मिठाई नष्ट

सूरजपुर, 11 मई । जिलेवासियों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत 15 दिवसीय सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। 27 अप्रैल से 11 मई तक चले इस अभियान में जिलेभर के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

अभियान के दौरान फल दुकानों, मिठाई दुकानों, बेकरी, आइसक्रीम और कोल्ड्रिंक्स विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। आज जिले की विभिन्न फल दुकानों का निरीक्षण किया गया, जबकि प्रेमनगर और रामानुजनगर क्षेत्र में मिठाई दुकानों, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, एक्सपायरी डेट वाले उत्पादों की बिक्री पर रोक, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान प्रेमनगर स्थित देव होटल में 8 किलोग्राम फफूंद लगी खराब मिठाई पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही मिठाई को नष्ट कराया। साथ ही होटल संचालक को भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की अभिहित अधिकारी पुष्पा राज चौहान ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने आम लोगों से भी आग्रह किया कि मिलावटी, खराब या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply