News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

जब सोएगा जयपुर, तब  निगम चलाएगा “ऑपरेशन क्लीन स्वीप”

जयपुर, 07 मई । नगर निगम जयपुर द्वारा शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 मई को विशेष रात्रिकालीन अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया जाएगा।

इस अभियान की जानकारी नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने गुरुवार काे पत्रकार वार्ता में दी। उन्हाेंने बताया कि जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम लगातार विशेष अभियान संचालित कर रहा है और “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चलाया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित हुए बिना शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सके। इस विशेष ड्राइव के तहत नगर निगम का मुख्य फोकस हेरिटेज और परकोटा क्षेत्र रहेगा। यहां व्यापक स्तर पर सफाई, कचरा निष्पादन और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। अभियान में करीब 2000 सफाई कर्मियों को लगाया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को कार्य के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें हूपर, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ी, गम बूट, टॉर्च, फावड़ा और विशेष नाइट जैकेट शामिल हैं। अभियान की निगरानी और प्रभावी संचालन के लिए निगम प्रशासन ने 36 बीट्स का गठन किया है, जिनमें अधिकारियों और टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार पिछले एक माह में जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में यह तीसरी बड़ी पहल है। निगम का उद्देश्य जयपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करने के साथ-साथ उसकी विरासत और सौंदर्य की नई पहचान स्थापित करना है।

Leave a Reply