News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

सूरज उगलने लगा आग, श्रीगंगागनर का पारा पहुंचा 44 के पास

जयपुर, 22 अप्रैल । प्रदेश में धीरे-धीरे पारा गर्म होने लगा है। सूरज से निकलती आग अब आमजन को झुलसाने लगी है। प्रदेश के 15 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। श्रीगंगानगर सहित चार शहरों का पारा 42 पार रहा। 43.7 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर और 28.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। आगामी समय में इस पारे में और उछाल देखने को मिलेगा। गर्मी को देखते हुए जयपुर कलेक्टर ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर के अलावा पिलानी, कोटा और चूरू का दिन का तापमान 42 पार दर्ज किया गया। वहीं जयपुर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, बाड़मेर, बीकानेर, फतेहपुर, करौली, दौसा, लूणकरणसर और झुंझुनूं का दिन का पारा 40 पार तो फलौदी के अलावा अजमेर, जयपुर, कोटा, बाड़मेर और बीकानेर का रात का पारा 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में 1 से 2 डिग्री और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री दर्ज होने व उत्तरी राजस्थान में 23-25 अप्रेल को कहीं-कहीं हीट वेव की संभावना है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री के मध्य रिकॉर्ड हो रहे हैं जो कि सामान्य से 2-4 डिग्री ऊपर हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में 23 अप्रेल को धूलभरी तेज सतही हवाएं (20 से 30 किमी प्रतिघंटा) चलने की संभावना है।

जयपुर में मंगलवार देर रात से गर्म हवाएं चलने लगी जो दिन में भी रुक-रुक चलती रही। जयपुर के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सूरज की तेज तपिश के चलते आमजन परेशान नजर आए। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.8 और रात के तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान बढऩे से गर्मी बढऩे और लू चलने की संभावना को देखते हुए जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण संदेश नायक ने समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों की प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के संचालन समय में परिवर्तन किया है। जिला कलक्टर ने जिले की समस्त राजकीय व गैर राजकीय विद्यालयों की प्री-प्राइमरी से आठवीं तक की कक्षाएं 27 अप्रेल से सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों की कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं सहित समस्त स्टाफ व संचालित अन्य परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा। निर्देशों की अवहेलना करने वाले राजकीय एवं निजी विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधान के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply