News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सूरजपुर : स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सख्ती, वनांचल में शिविर बढ़ाने के निर्देश

सूरजपुर, 22 अप्रैल । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक सेवाएं पहुंचाई जाएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में आयुष्मान भारत, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, कुष्ठ उन्मूलन, मलेरिया, गैर संचारी रोग सहित विभिन्न योजनाओं की विकासखण्डवार समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षित नहीं पाई गई, उनके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि डोर-टू-डोर सर्वे कर छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित जांच और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं टीबी और कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक मरीजों की पहचान और समय पर उपचार पर जोर दिया गया।

गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। अधिकारियों को हाइपरटेंशन, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की शत-प्रतिशत जांच और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply