News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी, लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं इलाज

बलरामपुर, 21 अप्रैल । जिले में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने लोगों से सतर्क रहने और लू के लक्षणों की समय पर पहचान कर आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के अनुसार, लू लगने के प्रमुख लक्षणों में सिर दर्द और भारीपन, तेज बुखार के साथ मुंह सूखना, चक्कर और उल्टी, शरीर में कमजोरी, अधिक तापमान के बावजूद पसीना न आना, अत्यधिक प्यास लगना, पेशाब कम होना, भूख न लगना और बेहोशी शामिल हैं। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी और जरूरी खनिजों, विशेषकर नमक की कमी हो जाती है, जिससे लू का खतरा बढ़ जाता है।

बचाव के लिए सलाह दी गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और कान को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिल सके। अधिक पसीना आने पर ओआरएस घोल का सेवन करें।

चक्कर या मितली महसूस होने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें और ठंडे पेय, फल का रस, लस्सी या मठा लें। लू लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के तौर पर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें, अधिक तरल पदार्थ दें और मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुद सतर्क रहें और दूसरों को भी लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।

Leave a Reply