अमेजन डिलीवरी ठगी का पर्दाफाश, 35 लाख के आईफोन घोटाले में दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 21 अप्रैल । उत्तर-पश्चिमी जिले की संगम पार्क पुलिस चौकी ने अमेजन डिलीवरी से जुड़ी ठगी का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने फर्जी तरीके से पार्सल ‘डिलीवर’ दिखाकर करीब 35 लाख रुपये के 50 आईफोन हड़प लिए थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 लाख रुपये कीमत के 14 सीलबंद आईफोन-16 बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी सुमित अग्रवाल ने शिकायत दी थी कि उन्होंने 12 से 16 अप्रैल के बीच अमेजन के जरिए 50 आईफोन-16 (128 जीबी) मंगाए थे। एप पर सभी पार्सल डिलीवर दिखाए गए, लेकिन उन्हें कोई सामान नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिलीवरी रिकॉर्ड की पड़ताल की। इसमें सामने आया कि 32 ट्रैकिंग आईडी में से 26 पार्सल एक ही डिलीवरी एजेंट जसप्रीत सिंह को सौंपे गए थे। शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में जसप्रीत सिंह (21) ने अपने साथी हिमांशु (30) का नाम बताया। पुलिस ने हिमांशु को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने मिलकर पार्सल को डिलीवर दिखाकर मोबाइल फोन अपने पास रख लिए थे।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 14 सीलबंद आईफोन-16 बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपित पहली बार अपराध में शामिल हुए और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब बाकी मोबाइल फोन की बरामदगी और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।