(अपडेट) पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग के बाद पीएम मोदी का लोकार्पण कार्यक्रम स्थगित
जयपुर, 20 अप्रैल । राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में सोमवार को भीषण आग लगने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंगलवार को होने वाला दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के लिए नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। घटना के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए एक जांच शुरू की गई है।
रिफाइनरी की कच्चे तेल को प्रोसेस करने वाली क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट में आज दोपहर करीब ढाई बजे आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
इस घटना का असर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे पर भी पड़ा है। प्रधानमंत्री को 21 अप्रैल को इसी रिफाइनरी यूनिट का लोकार्पण करना था, लेकिन आग की घटना के बाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। मंत्रालय के अनुसार घटना के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए एक जांच शुरू की गई है।
रिफाइनरी की एक यूनिट से धुआं उठते ही कर्मचारियों ने तत्काल फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय किया। इस दौरान यूनिट से लगातार आग की लपटें उठती रहीं और आसमान में धुएं का गुबार छाया रहा।
घटना के तुरंत बाद एहतियातन पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का दावा किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और इसके कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा।
पचपदरा स्थित यह रिफाइनरी देश की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है, जहां विदेशों से आयातित कच्चे तेल को प्रोसेस कर विभिन्न पेट्रोलियम उत्पाद तैयार किए जाते हैं। यहां सालाना लगभग 9 मिलियन टन कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है। इस रिफाइनरी में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से पाइप लाइन के जरिए कच्चा तेल आता है। मुंद्रा से इसकी दूरी करीब 487 किलोमीटर है। प्रशासन ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।