पत्रकार पर हमले के विरोध में रायपुर प्रेस क्लब का निंदा प्रस्ताव, सख्त कार्रवाई की मांग
रायपुर, 18 अप्रैल (हि. स.)। सारंगढ़ में पत्रकार साथी पोसराम साहू के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब ने कड़ी निंदा व्यक्त की है। इस घटना के विरोध में प्रेस क्लब ने आपात बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ के पत्रकार पोसराम साहू ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी एवं वरिष्ठ पत्रकारों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि, किसान आस्मीन बरेठ को लंबे समय से कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसी सिलसिले में पोसराम साहू, किसान के पुत्र के साथ कृषि ग्रामीण विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल से कार्यालय में मिलने पहुंचे थे।
इस दौरान अधिकारी प्रवीण पटेल द्वारा पोसराम साहू के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की गई, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। यह घटना 16 अप्रैल की सुबह की है, लेकिन अब तक पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने सारंगढ़ कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
रायपुर प्रेस क्लब ने निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए मांग की है कि, आरोपित अधिकारी के विरुद्ध तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रेस क्लब ने स्पष्ट कहा है कि, पत्रकारों के साथ इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि, यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस संबंध में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा कृषि विभाग, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ को पत्र प्रेषित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।