News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

फर्जी पुलिस वालों की तलाश में जुटी पुलिस

रामगढ़, 13 अप्रैल । शहर में फर्जी पुलिस वाला बनाकर एक जेवर व्यवसायी को ठगने वाला गिरोह की तलाश जिले की पुलिस कर रही है। रामगढ़ पुलिस भी इसी सूची में शामिल है। शहर के चट्टी बाजार में श्याम कंपलेक्स के समीप जिन लोगों ने ड्रग्स स्मगलिंग की झूठी कहानी बनाकर लोगों को ठगने का काम किया, वे लोग फर्जी नंबर प्लेट अपनी बाइक पर लगाकर घूम रहे थे। पुलिस ने ठगे गए व्यापारी राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही उन अपराधियों की तलाश कर रही है जो रामगढ़ शहर में ठगी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

शहर के अलावा हाई-वे के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे को पुलिस खंगाल रही है। जिस बाइक का इस्तेमाल ठगी की घटना में किया गया है, उसका पता भी लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि उक्त दोनों बाइक भी चोरी की हो सकती है।

पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रामगढ़ के बाद यह गिरोह हजारीबाग और गिरिडीह जिले में भी एक्टिव था। इसके अलावा कई अन्य जिलों से ठगी की घटना होने की सूचना भी आई है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत होता है कि किसी दूसरे प्रदेश का गिरोह ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए झारखंड में घुसा है। सभी जिलों की पुलिस सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देख रही है। कई कैमरे में अपराधी का चेहरा भी स्पष्ट नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

ठगी की इस घटना के बाद रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच अपील जारी की है। उन्होंने कहा है कि पुलिस, कस्टम

सहित अन्य जांच एजेंसी के नाम पर अगर कोई फोन करता है या जांच करने की बात करता है, तो सबसे पहले थाना के सरकारी नंबर पर कॉल करें। जांच अधिकारी का सत्यापन होने के बाद ही आगे पहल करें। किसी प्रकार का संदेह होता है तो अपना विरोध जरूर दर्ज कराएं।

Leave a Reply