पानीपत: सरकार की नीतियों के खिलाफ किसानों ने टोल प्लाजा पर दिया धरना
पानीपत, 11 अप्रैल । पानीपत के डाहर टोल प्लाजा पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन मालपुर और भारतीय किसान यूनियन छोटू राम सहित अन्य किसान संगठनों ने शनिवार काे चार घंटे का धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और बायोमेट्रिक नीति को रद्द करने की मांग की। धरने के दौरान कुछ देर के लिए डीएसपी और किसानों के बीच कहासुनी भी हुई, लेकिन बाद में किसान शांतिपूर्ण ढंग से बैठ गए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बिंटू मलिक ने आरोप लगाया कि सरकार पिछले दरवाजे से किसानों के लिए तीन नए कानून लाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसान मजदूर संगठन स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी गेहूं की फसल सरकार को न बेचें और अन्य फसलें उगाएं, ताकि सरकार को अनाज न मिल सके। राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के प्रधान सोनू मालपुरिया ने कहा कि सरकार किसानों और मजदूरों को दबाने का हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि वे अपनी आवाज न उठा सकें।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धीरे-धीरे हर क्षेत्र में विदेशी नीतियों को लागू करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी किसान भले ही खुशहाल हों, लेकिन भारतीय किसान इतना सक्षम नहीं है कि वह इन नीतियों पर चलकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके। सीटू के राज्य महासचिव सुनील दत्त ने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ ठोस कदम उठाने की बात कही। इस अवसर पर कंवर सिंह रावल, आजाद मलिक और प्रदीप जागलान, जयकवार, सुरेंद्र मलिक, किसान सभा से कंवर सिंह छौकर, सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।