News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

शिमला में कड़े पहरे के बीच मुस्लिम जोड़े का निकाह संपन्न, मुंडन का ऐलान करने वाले हिन्दू नेता नजरबंद

शिमला, 11 अप्रैल । हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले कई दिनों से चर्चा और विवाद का विषय बना एक मुस्लिम जोड़े का निकाह शनिवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए और विरोध का ऐलान करने वाले कुछ हिंदू संगठनों के नेताओं को एहतियात के तौर पर घरों में ही नजरबंद कर दिया।

शनिवार को निकाह की रस्में बालूगंज स्थित मस्जिद में अदा की गईं। इसके बाद शाम को निकाह का रिसेप्शन राम मंदिर परिसर में स्थित सूद सभा हॉल में आयोजित किया गया। इसी रिसेप्शन को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने पहले आपत्ति जताई थी। संगठनों का कहना था कि मंदिर परिसर से जुड़े हॉल में इस तरह का आयोजन उनकी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है। इसी कारण पिछले कुछ दिनों से यह मामला चर्चा में बना हुआ था।

इस विरोध के तहत हिन्दू संघर्ष समिति ने शनिवार दोपहर तीन बजे सामूहिक मुंडन करने का कार्यक्रम घोषित किया था। हालांकि, पुलिस ने एहतियात के तौर पर पहले ही कार्रवाई करते हुए समिति के कई नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया, जिससे किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। समिति के नेता विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नेता मदन ठाकुर को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। पुलिस की इस कार्रवाई के कारण प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम नहीं हो सका।

शिमला पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मस्जिद और राम मंदिर परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।

इस बीच पुलिस ने धार्मिक भावनाओं और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए हिंदू संघर्ष समिति से जुड़े कुछ नेताओं के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है। शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित नेताओं को सदर थाना बुलाकर पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

एसएसपी ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिशों के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply