जेडीए का ‘संवाद’ कार्यक्रम: स्टेकहोल्डर्स से सीधे संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जयपुर, 10 अप्रैल । जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा सहभागितापूर्ण और पारदर्शी शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘संवाद’ स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम का दूसरा सत्र शुक्रवार को ‘मंथन’ सभागार में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने स्टेकहोल्डर्स की समस्याएं, सुझाव और फीडबैक सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रक्रियाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में लीज, पट्टा और आरक्षण पत्र से जुड़ी समस्याओं पर भी मौके पर समाधान के निर्देश दिए गए, जिससे उपस्थित लोगों ने संतोष जताया। अब तक दो सत्रों में 30 से अधिक लोग भाग ले चुके हैं।
जेडीए द्वारा ऐसे सत्र प्रत्येक माह आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि शहरी विकास में आमजन की भागीदारी को मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम में जेडीए सचिव गौरव सैनी, अतिरिक्त आयुक्त भागचंद बधाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।