खूंटी में लोक अदालत की तैयारियां तेज, 25 अप्रैल और 9 मई को होगा आयोजन
खूंटी, 08 अप्रैल । खूंटी में आगामी 25 अप्रैल को विशेष लोक अदालत (चेक बाउंस मामलों) और 09 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से बुधवार को समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई। इसमें पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अखिल नितीश कुजूर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, डालसा के पदाधिकारी और सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में लोक अदालतों के सफल संचालन के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत में उपस्थित कराने के लिए नोटिस और समन की समय पर तामिला सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही थाना स्तर पर लंबित मामलों की पहचान कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लिए अग्रसारित करने का निर्देश दिया गया। नोटिस तामिला की प्रक्रिया को तेज करने और पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने के लिए पुलिस अधिकारियों और डीएलएसए के पैरा लीगल वॉलंटियर्स के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने लोक अदालतों को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
————