News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

मंगल पांडेय के अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जलाई चिंगारी से मिली आजादी : डॉ पवन

पूर्वी सिंहभूम, 08 अप्रैल । बालीगुमा स्थित झारखंड ब्राह्मण शक्ति संघ के आवासीय कार्यालय में बुधवार को देश के प्रथम शहीद और 1857 के सिपाही विद्रोह के नायक मंगल पांडेय के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगल पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ पवन पांडेय, केंद्रीय महासचिव अशोक पांडेय, केंद्रीय उपाध्यक्ष बाला शंकर तिवारी, केंद्रीय सचिव उमलेश पांडेय और संजय मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में मंगल पांडेय के बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को राष्ट्र के इतिहास में मील का पत्थर बताया।

मौके डॉ पवन पांडेय ने कहा कि मंगल पांडेय ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जो चिंगारी 1857 में जलाई थी, वही आगे चलकर स्वतंत्रता की प्रचंड अग्नि में परिवर्तित हुई और अंततः देश को 1947 में आजादी मिली। उन्होंने कहा कि उस समय अंग्रेजी शासन के विरुद्ध विद्रोह की कल्पना भी करना कठिन था, लेकिन मंगल पांडेय ने साहस का परिचय देते हुए न केवल विद्रोह किया बल्कि देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की भावना भी जागृत की।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी बड़े परिवर्तन की शुरुआत एक छोटे कदम से होती है और मंगल पांडेय का वह पहला कदम ही भारत की स्वतंत्रता की दिशा तय करने वाला साबित हुआ। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अंग्रेजों ने इस विद्रोह के बाद क्रांतिकारियों के प्रति भय के कारण कई कठोर निर्णय लिए और भारतीय सैनिकों के प्रति अपना रवैया बदल दिया।

इस अवसर पर मिथलेश दुबे, जितेंद्र मिश्रा, रामानुज चौबे, शैलेन्द्र झा सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित थेे।

Leave a Reply