स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गयी, बच्चों को मिली नई पुस्तकें
बरेली, 07 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के कंपोजिट विद्यालय केसरपुर में मंगलवार को ‘स्कूल चलो अभियान’, पुस्तक वितरण और शिक्षा चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल मुख्य अतिथि और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में कई गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी के नए कक्ष का उद्घाटन किया गया। परिसर में वृक्षारोपण भी हुआ। बच्चों को नई पुस्तकें वितरित की गईं और ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के जरिए ग्रामीणों को बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन के.पी. सिंह ने किया। इस अवसर पर एकेडमिक रिसोर्स पर्सन सौरभ शुक्ला, नम्रता वर्मा, पवन मिश्रा, विनीत शुक्ला, राम मोहन तिवारी, नरेंद्र प्रताप गंगवार, जितेंद्र गंगवार, रविंदर यादव, राजेंद्र गंगवार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।————–