बड़ौदा आर-सेटी में सात से दिया जाएगा निशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण
धमतरी, 05 अप्रैल । धमतरी जिले के युवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बड़ौदा आर-सेटी धमतरी द्वारा निशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सात अप्रैल 2026 (मंगलवार) से किया जाएगा। यह प्रशिक्षण युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोलने में मदद करेगा।
इस 38 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कम्प्यूटर से जुड़े व्यावहारिक एवं रोजगारपरक विषयों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में टैली (कम्प्यूटराइज्ड अकाउंटिंग), जीएसटी, एमएस एक्सेल, एमएस वर्ड, पावरप्वाइंट, ई-मेल संचालन, हिन्दी-अंग्रेजी टाइपिंग तथा कम्प्यूटर की बेसिक जानकारी शामिल है।
कार्यक्रम की खास बात यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क और आवासीय सुविधा के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी आसानी से भाग ले सकें। प्रशिक्षण में केवल 35 सीटें निर्धारित हैं, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते पंजीयन कराने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को सात अप्रैल को सुबह 10 बजे प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराना होगा। चयन में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार पाने में सहायता मिलेगी। जिला प्रशासन ने युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है।
जरूरी दस्तावेज
प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक पासबुक दस्तावेजों की छायाप्रति एवं 4 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।