उपायुक्त ने 13 कनीय अभियंताओं को सौंपा नियुक्ति पत्र
पूर्वी सिंहभूम, 04 अप्रैल । ग्रामीण विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पूर्वी सिंहभूम प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शनिवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चयनित 13 कनीय अभियंताओं को नियुक्ति पत्र सौंपा।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में अनुपम साहू, रजेश रंजन, प्रवीण कुमार महतो, आशीष कुमार सिंह, पूजा महाकुड़, शुभम महतो, अमित रितेश कुजूर, राहुल कुजूर, आनंद रोहित कुजूर, जोगेश्वर माण्डी, अखिलेख डहुरिया, मनीष कुमार और अभिजीत बेरा शामिल हैं।
समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा केवल ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांवों में आधारभूत संरचना के निर्माण और स्थायी परिसंपत्तियों के सृजन का भी अहम माध्यम है। उन्होंने कहा कि कनीय अभियंताओं की भूमिका योजनाओं की तकनीकी गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी नव नियुक्त अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित भ्रमण करें, योजनाओं का स्थल निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास अभिकरण के माध्यम से नियुक्त इन अभियंताओं को जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में तैनात किया जाएगा। यहां वे सड़क निर्माण, तालाब, जल संरक्षण, सिंचाई समेत अन्य विकास कार्यों की तकनीकी निगरानी करेंगे।
इस अवसर पर संतोष कुमार गर्ग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।