News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

बड़वानी में खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत, मरीज को अस्पताल छोड़कर लौट रहे थे चार युवक, दो गंभीर घायल

बड़वानी, 03 अप्रैल । मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बिलियापानी घाट पर तेज रफ्तार इको वाहन चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

पुलिस के अनुसार, सेमलेट गांव के चार युवक रात में एक गंभीर बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए पाटी लाए थे। हालत बिगड़ने पर मरीज को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चारों युवक वाहन से वापस गांव लौट रहे थे, तभी बिलियापानी घाट पर यह हादसा हो गया। हादसे में सकरीया (पुत्र रजान) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक इकराम (पुत्र रुलसिंग) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बियालाल (पुत्र भीमसिंग) और भंगा (पुत्र रजान) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। पहाड़ी और घुमावदार रास्ते के कारण हादसा और भी गंभीर हो गया। पुलिस ने शुक्रवार काे दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply