News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

ईरान ने अमेरिका के रडार सिस्टम और नौसैनिक उपकरणों को किया नष्ट

तेहरान, 03 अप्रैल । पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने शुक्रवार काे दावा किया कि उसने अमेरिका और इजराइल के ठिकानों पर माैजूद रडार सिस्टम, नौसैनिक उपकरणों एवं हवाई अड्डों को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला कर नष्ट कर दिया है। हालांकि, इन दावों की अमेरिका ने पुष्टि नहीं की है।

ईरान के सरकारी समाचार मीडिया संगठन प्रेसईडी ने आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग के हवाले से बताया कि ईरानी नौसेना और एयरोस्पेस फोर्स ने शुक्रवार सुबह बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों में फिलिस्तीनी इलाकों में मौजूद अमेरिकी आतंकवादियों के रडार सिस्टम और नौसैनिक उपकरणों को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस नौसैनिक अभियान के पहले चरण में शुवाइख बंदरगाह पर अमेरिकी एम्फीबियस लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी जहाजों के जमावड़े को बैलिस्टिक मिसाइलों से नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा बहरीन में जबल अल दुखान रडार साइट पर तैनात एआर-327 लंबी दूरी के हवाई रडार को ड्रोन हमले से निशाना बनाकर नष्ट कर दिया गया।

एयरोस्पेस फोर्स ने शुक्रवार सुबह और गुरुवार रात में दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इससे दक्षिण-पूर्वी हाइफा में माैजूद इजराइली एफ-16 लड़ाकू स्क्वाड्रनों का ठिकाना, रमत डेविड हवाई अड्डा पूरी तरह तबाह हो गया। इसके साथ ही तेल अवीव और ‘खोर्रमशहर को भी निशाना बनाया गया।

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त हमला शुरु किया था। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता सैयद अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की माैत हाे गई थी। इसके जवाब में ईरान लगातार मिसाइलों और ड्रोनों के जरिए इज़राइली सैन्य और रणनीतिक ठिकानों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बना रहा है।

Leave a Reply