किशोरी का हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 3 अप्रैल । नवाबगंज थाना पुलिस ने किशोरी के हत्यारोपित विवेक पाल को गुरुवार की रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से विवेक घायल हो गया। इस मुठभेड़ में सिपाही को भी गोली लगी है।
नवाबगंज थाना पुलिस हत्या के मामले में ग्राम सिरोली निवासी आरोपी विवेक पाल को तलाश कर रही थी। बीती रात पुलिस को पता चला की विवेक पाल ग्राम राजा रामपुर मेई क्षेत्र में छिपा है। इसी सूचना पर पुलिस ने विवेक पाल की घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंदी में पकड़े जाने के भय से विवेक पाल ने पुलिस पर फायर किए, पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई थी। पुलिस मुठभेड़ में विवेक पाल के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से किशोरी की हत्या में में प्रयोग की गई बाइक एवं 315 बोर तमंचा दो कारतूस व खोखे बरामद हुए हैं। विवेक के द्वारा की गई फायरिंग में सिपाही अरविंद गोली लगने से घायल हो गया। घायल विवेक पाल एवं सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है।
मालूम हो कि थाना नवाबगंज क्षेत्र की कक्षा 9 की छात्रा ने प्रेमी के द्वारा दी गई नशीली गोली 28 मार्च की रात में दूध में मिलकर परिजनों को खिला दी थी। करीब 15 वर्षीय छात्रा घर से जेवर व जरूरी कागजात लेकर चली गई। 30 मार्च को पीड़ित पिता ने ग्राम सिरौली निवासी अंशुल पाल, रोहित पाल एवं विवेक कुमार पाल के विरुद्ध पुत्री के भगाए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीते दिनों पुलिस ने अंशुल को पकड़ लिया, सख्ती से पूंछताछ किए जाने पर अंसुल ने बताया कि लड़की मेरे पास आई थी और मुझ पर शादी करने का दबाव बनाकर कहने लगी कि अब मैं घर नहीं जाऊंगी। मैंने अपने साथी विवेक पाल के सहयोग से गला दबाकर लड़की को मार दिया और शव को खेत में छुपा दिया।
दूसरे दिन बाइक पर शव को बोरी में रखकर ग्राम कुम्हौली में काली नदी के किनारे छिपा दिया। बताया गया है कि किशोरी घर से जाते समय दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, एक सोने की चेन, एक जोड़ी पायल एवं 50 हजार रुपए भी ले गई थी।
बीते दिन किशोरी का शव ग्राम कुम्हौली अंत्येष्टि स्थल से करीब 20 मीटर दूरी बोरी में मिला था।