News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

पानीपत: महिला डॉक्टर की आपरेशन थियेटर से हीरे की दो अंगूठी चोरी

पानीपत, 02 अप्रैल । पानीपत के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन करने गई महिला डॉक्टर की दो हीरे की अंगूठी गायब हो गई। पीड़िता ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ और रिंग बरामदगी के लिए थाना चांदनी बाग में शिकायत दर्ज करवाई है। इस बारे में चांदनीबाग थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में सुशांत सिटी अंसल निवासी डॉक्टर शैलजा अरोड़ा ने बताया कि वह एबीसी अस्पताल में आर.एम.ओ के पद पर कार्यरत हैं। 31 मार्च की शाम को वह एक ऑपरेशन करने के लिए ओटी में गई थीं। मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत ऑपरेशन से पहले उन्होंने अपनी करीब आधा तोले से अधिक वजनी डायमंड की दो रिंग और अपनी घड़ी उतारकर ओटी के अंदर एक ट्रॉली में रख दी थी। डॉक्टर शैलजा के अनुसार वह ऑपरेशन खत्म करने के बाद वह अपनी घड़ी लेकर ओटी से बाहर निकलीं। उन्होंने ओटी स्टाफ धर्मेंद्र से अपनी गाड़ी की चाबी मंगवाई और घर चली गईं। उस समय जल्दबाजी या थकान के कारण उनका ध्यान अंगूठियों की तरफ नहीं गया।

एक अप्रैल की सुबह जब वह वापस अस्पताल पहुंचीं, तब उन्हें पता चला कि ट्रॉली में रखी उनकी दोनों डायमंड रिंग गायब हैं। पीड़िता का आरोप है कि अंगूठियां ओटी के प्रतिबंधित क्षेत्र से चोरी हुई हैं, जहां केवल अस्पताल का स्टाफ ही मौजूद रहता है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि अस्पताल के संदिग्ध स्टाफ से पूछताछ की जाए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है

Leave a Reply