फतेहाबाद : ऐप डाउनलोड करते ही मोबाइल हुआ हैक, खाते से उड़े 99 हजार
फतेहाबाद, 01 अप्रैल । फेसबुक पर फर्जी विज्ञापन के जरिए लोगों को ठगने वाले गिरोह के एक सदस्य को साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूनुस खान निवासी लंकापुरी, शास्त्री नगर, जयपुर के रूप में हुई है। बुधवार को साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि इस बारे पुलिस ने सुशील कुमार निवासी लाजपत नगर, फतेहाबाद की शिकायत पर केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में सुशील ने बताया कि 28 फरवरी को फेसबुक चलाते समय उन्होंने एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दावा किया गया था कि एक विशेष ऐप डाउनलोड करने से मोबाइल पर आने वाले अवांछित मैसेज और कॉल बंद हो जाएंगे। जैसे ही पीडि़त ने उस ऐप को डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और अपने आप संचालित होने लगा। दरअसल, वह ऐप एक रिमोट एक्सेस टूल था, जिससे साइबर ठग ने पीडि़त के मोबाइल का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। मोबाइल हैक करने के बाद, आरोपी ने पीडि़त के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 99 हजार रुपये की अवैध ट्रांजैक्शन कर ली। पीडि़त की शिकायत और साइबर पोर्टल पर प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी यूनुस खान को काबू कर लिया । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि के 8 हजार रुपये बरामद किए हैं।