News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

प्रदेश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं, गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई : रेखा आर्या

देहरादून, 31 मार्च । उत्तराखंड सरकार की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को कहा कि राज्य में गैस की कोई किल्लत नहीं है और पर्याप्त सप्लाई बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि कृत्रिम अभाव पैदा करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।

विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने सभी जिलों की स्थिति का आकलन किया। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जबकि जिला पूर्ति अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 35.55 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी कनेक्शन और लगभग 60 हजार कमर्शियल कनेक्शन हैं। वर्तमान में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा नियमित सप्लाई जारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस की सप्लाई निर्बाध जारी है तथा नए कमर्शियल कनेक्शन 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ प्रदेशभर में अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी कर 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं। साथ ही पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक अनुमति शीघ्र दिलाने का अनुरोध किया जाएगा।

बैठक में विभागीय सचिव एल. फैनई, अपर आयुक्त जी.एस. पांगती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply