भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने जेबकतरे ने यात्री पर किया ब्लेड से हमला
भोपाल, 28 मार्च । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार दोपहर एक यात्री पर जेबकतरे ने ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के समय भीड़ डर के मारे मूकदर्शक बनी रही और आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी अनुसार भिंड निवासी 42 वर्षीय संजीव कुमार स्टेशन के सामने बस का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वे मंडीदीप जाने वाली बस में चढ़े, तभी एक अज्ञात युवक ने उनकी पैंट की जेब में हाथ डालकर पर्स निकालने की कोशिश की। संजीव ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपित का हाथ पकड़ लिया। खुद को घिरा देख बदमाश ने जेब से आधी कटी ब्लेड निकालकर संजीव पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने उनके चेहरे और सिर पर मुक्कों से भी प्रहार किया। घायल संजीव की मदद बस ड्राइवर और कंडक्टर ने की, जिसके बाद वह गोविंदपुरा थाने पहुंचे। थाने में संजीव ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था काफी कमजोर है। पूर्व में इसी इलाके में यात्रियों के मोबाइल लूटे जा चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए।