फतेहाबाद पुलिस ने दो साइबर ठग दबोचे
फतेहाबाद, 26 मार्च । पुराने सिक्के खरीदने के नाम पर ऑनलाइन ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान सुरेन्द्र सिंह तथा बिट्टू निवासी जैतो, जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। गुरूवार को थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि इस बारे जितेन्द्र पुत्र अशोक कुमार निवासी किला मोहल्ला टोहाना ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत के अनुसार टोहाना के किला मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार, जो एक कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते हैं, के पास कुछ पुराने नोट और सिक्के जमा थे। उन्होंने फेसबुक पर पुराने सिक्कों की खरीद-फरोख्त से संबंधित एक विज्ञापन देखा और दिए गए नंबर पर संपर्क किया। जितेंद्र ने अपने सिक्कों और नोटों की तस्वीरें व्हाट्सएप के जरिए आरोपियों को भेजीं। आरोपियों ने जितेंद्र को झांसा दिया कि उनके सिक्कों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 86 लाख 55 हजार रुपये है। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए उनसे फाइल चार्ज के नाम पर मात्र 350 रुपये लिए गए और एक फर्जी आईकार्ड बनाकर भेजा गया। ठगों ने वादा किया कि 24 घंटे के भीतर पेमेंट उनके घर पहुंच जाएगी। 5 मार्च की सुबह ठगों ने जितेंद्र को फोन किया और कहा कि वे पेमेंट लेकर हिसार एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं और वहां से उनके घर की दूरी मात्र 70 किलोमीटर है। इसके बाद ग्रीन कार्ड बनाने और अन्य कागजी कार्रवाई के नाम पर पैसों की मांग शुरू हुई। ठगों ने जितेंद्र को इस कदर अपने जाल में फंसाया कि उन्होंने अलग-अलग समय पर कई ट्रांजैक्शन करवा लिए। सबसे पहले क्यूआर कोड भेजकर 2000 और 5000 रुपये मंगवाए। इसके बाद रिफंड का झांसा देकर 7150 रुपये, 16000 रुपये और 20000 रुपये ट्रांसफर करवाए। सिलसिला यहीं नहीं रुका, शातिरों ने 9,999 रुपये, 22,400 रुपये और फिर 6 मार्च को दोबारा 22,000 रुपये अपने खातों में डलवा लिए। जब बार-बार पैसे भेजने के बावजूद जितेंद्र के पास कोई पेमेंट नहीं पहुंची और आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस प्रकार आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कुल एक लाख 4 हजार 549 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 21 मार्च को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।