बलरामपुर : एनएसएस शिविर का समापन, युवाओं ने सामाजिक जागरूकता के साथ निभाई जिम्मेदारी
बलरामपुर, 21 मार्च ।बलरामपुर जिले में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का समापन सामाजिक जागरूकता और सेवा के संदेश के साथ हुआ। शिविर में युवाओं ने अनुशासन, टीमवर्क और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
शासकीय पॉलिटेक्निक रामानुजगंज द्वारा ग्राम पंचायत भवन परिसर ताम्बेश्वरनगर में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. एस.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समयपालन और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पहले दिन शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वयंसेवकों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
सात दिनों तक चले इस शिविर में प्रभात फेरियों के माध्यम से “विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़”, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, नशामुक्ति, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने स्कूल परिसर, तालाब और मैदान की साफ-सफाई कर श्रमदान किया। प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षण कार्य कर बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया गया।
स्वयंसेवकों ने ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कर डिजिटल साक्षरता (एआई), स्वच्छता, लिंगानुपात और अन्य सामाजिक विषयों पर जानकारी एकत्रित की। बौद्धिक सत्रों में कृषि, मानसिक स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
शिविर के दौरान प्राथमिक शाला ताम्बेश्वरनगर में बच्चों के लिए पारंपरिक खेलों जैसे पिट्ठल, चम्मच दौड़ और कुर्सी दौड़ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अंतिम दिवस पर जल संरक्षण विषय पर प्रभात फेरी निकाली गई और स्वयंसेवकों ने विद्यालय में शिक्षण कार्य कर समाज सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक और ग्राम के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।