बिलासपुर में अवैध खनन पर शिकंजा: 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
बिलासपुर, 21 मार्च । बिलासपुर में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज शनिवार काे बड़ी संख्या में वाहनों को जब्त किया है। जिले के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान में 8 वाहनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
बिलासपुर में माइनिंग विभाग ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभागीय टीम ने आज शनिवार काे जिले के कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निरतु, सेंदरी, तुरकाडीह, लोखंडी, कोनी, बिरकोना और सरकंडा इलाकों में कार्रवाई की गई, जहां अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए कुल 8 वाहनों को जब्त किया गया।
सरकंडा क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन करते 2 हाइवा और रेत ढोते हुए 1 हाइवा वाहन पकड़ा गया। वहीं निरतु और तुरकाडीह से एक-एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। लोखंडी क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 1 हाइवा और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। इसके अलावा अशोक नगर क्षेत्र से मुरुम ढोते हुए एक और हाइवा वाहन जब्त किया गया।
जब्त किए गए सभी 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली को सरकंडा और कोनी थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।