News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन कांगड़ा के शक्तिपीठों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

धर्मशाला, 19 मार्च । चैत्र नवरात्रि के पहले दिन कांगड़ा जिला के शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वीरवार सुबह से ही जिला के प्रमुख शक्तिपीठों मां ज्वालामुखी, मां बज्रेश्वरी और श्री चामुंडा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पंहुच रहे हैं। इस मौके पर श्रद्धालु मंदिरों में हिंदू नव वर्ष पर अपने परिवार के लिए सुख शांति का कामना कर रहे हैं। उधर नवरात्रि के खास मौके पर सभी शक्तिपीठों सहित अन्य मंदिरों को भी दुल्हन की तरह सजाया गया है।

चैत्र नवरात्रि के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला व मंदिर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी की हैं। कांगड़ा जिला के तीन मुख्य शक्तिपीठों मां ज्वालाजी, मां बज्रेश्वरी और मां श्री चामुंडा धाम को रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं के लिए सुबह से ही मां ज्वालामुखी, मां बज्रेश्वरी और मां श्री चामुण्डा के कपाट खोल दिये गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजाम भी किए गए हैं।

गौरतलब है कि वीरवार से चैत्र नवरात्रि के साथ हिंदू नववर्ष का भी आगाज़ हुआ है। ऐसे में नवरात्र के दृष्टिगत जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा सभी शक्तिपीठों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए हैं। इसके अतिरिक्त यातायात व सुरक्षा प्रबंधों को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है। नवरात्र के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान व गृहरक्षक तैनात किए हैं तथा राजपत्रित अधिकारियों को विभिन्न शक्तिपीठों में सुरक्षा, कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बज्रेश्वरी मंदिर में उपायुक्त ने टेका माथा

बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में प्रथम नवरात्र पर उपायुक्त कांगड़ा ने की पूजा अर्चना

बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में नवरात्रों का शुभारंभ हो गया बारिश के बावजूद मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। इस मौके उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा अपनी धर्मपत्नी सहित आशीर्वाद लेने पंहुचे। इस मौके पर एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल और मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर भी मौजूद रहीं। मंदिर के वरिष्ठ पुजारियों ने उपायुक्त कांगड़ा द्वारा महाशत चंडी यज्ञ में विधिवत पूजा अर्चना करवाई। उन्होंने मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उपायुक्त कांगड़ा ने सभी को नवरात्रों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अन्य राज्यों से लंबी यात्रा करके कांगड़ा पहुंचते हैं। उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना हमारा दायित्व है इसलिए सुविधाओं में किसी तरह की कमी ना हो इसे सुनिश्चित करें।

Leave a Reply