News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

पिथौरागढ़ में भाजपा का विस्तार : मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष समेत सैकड़ों लोग शामिल

देहरादून, 14 मार्च । 2027 विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में बड़ा विस्तार किया है। मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का फूलमाला व पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा, प्रदेश में डबल इंजन सरकार के कामों से विकास की बयार बह रही है। एक ऐसा विश्वास आम जनमानस में स्थापित हुआ है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का विकसित होना अब तय है। यही वजह है कि राजनीतिक, सामाजिक तमाम तरह के कार्यकर्ता, पार्टी के विचारों में विश्वास जताकर, विकासयात्रा में सहयोगी बनना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, दूरस्थ जिले पिथौरागढ़ की सीमांत विधानसभा से आप सब लोगों का आना सरकार और सांगठनिक कामों के प्रभाव को दर्शाता है। सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्र से भी जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ लोगों का पार्टी में विश्वास जताना, वहां धारचूला विधानसभा में 27 में जीत का शुभ संकेत है। पिछली बार भी हम बेहद कम लगभग 1118 वोटों से जीत दर्ज करने से रह गए थे, वो कसर इस बार सौ फीसदी पूरी कर दी जाएगी।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द पांगती, गणेश पांगती सभासद, जितेंद्र जोठा सभासद, हंसा देवी सभासद, सुरेन्द्र सिह बृजवाल पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, पुष्कर सिंह, पूर्व प्रधान छूरातोली, नवीन जौपनी, महेश रावत, सुरेंद्र सिंह निखुरप्पा, भूपेंद्र सिंह धर्मसत्तू, मनोज सिंह मर्तोलिया, मनोहर सिंह घपवाल, नितिन रावत, कृष्णा पांगती, दीपू बृजवाल, कैलाश जेरठा, राजू बम, दिनेश बृजवाल, लाजवंत बृजवाल समेत बड़ी संख्या में राजनैतिक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संगठन की रीति नीति में विश्वास जताया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, पिथौरागढ़ जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी समेत कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

—-

Leave a Reply