सर्व समाज को धर्मयात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण : लोगों में उत्साह का माहौल
बीकानेर, 14 मार्च । भारतीय नववर्ष नवसंवत्सर धर्मयात्रा को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर सर्व समाज को धर्मयात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। नत्थूसर बास, व्यास कॉलोनी और अंबेडकर बस्ती में हुई बैठकों में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और धर्मयात्रा को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
भारतीय नव वर्ष समारोह समिति बीकानेर महानगर मीडिया सह संयोजक दीपक हर्ष के अनुसार विवेकनाथ बस्ती, नत्थूसर बास स्थित शंकरनाथ चौक में गवराजा महोत्सव के अवसर पर धर्मयात्रा निमंत्रण सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र की मातृशक्ति, युवाओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर भारतीय नववर्ष समारोह समिति के संयोजक उमेश व्यास ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और महान संस्कृतियों में से एक है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान ब्रह्मा ने इसी पावन दिन सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी तथा सम्राट विक्रमादित्य के समय विक्रम संवत की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है, इसलिए हर घर में इसे उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया और सभी से धर्मयात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस अवसर पर दिनेश सांखला, शिव सोलंकी, नंदकिशोर गहलोत, जयप्रकाश व्यास, आनंद स्वामी, भवानी सांखला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में अग्रवाल भवन, व्यास कॉलोनी में अग्रवाल चेतना समिति एवं क्षेत्र के समस्त हिंदू समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक को टेकचंद बरड़िया (विभाग संघचालक, बीकानेर), भंवर पुरोहित (महामंत्री, भारतीय नववर्ष समारोह समिति) एवं विजय कोचर (सहसंयोजक) ने संबोधित किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यास कॉलोनी, पवनपुरी, सुदर्शन नगर, पटेल नगर एवं शिवबारी रोड क्षेत्र का समाज बीकानेरी साफों के साथ रैली के रूप में धर्मयात्रा में सम्मिलित होगा। वक्ताओं ने कहा कि समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लें और भारतीय नववर्ष के उत्सव को पूरे उत्साह के साथ मनाएं। इस अवसर पर नरसिंग भाटी, नरेंद्र खत्री, डॉ. गजेंद्र वर्मा, शिवदयाल उपाध्याय, सुशील बंसल, प्रमोद कुमार देवड़ा, मनीष चौधरी, श्याम गुप्ता, पवन अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, सत्येंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, विनोद गोयल, पवन जौहरी, विकास अग्रवाल सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
वहीं पुरानी शिवबाड़ी रोड स्थित अंबेडकर बस्ती, गली नंबर 6 के माताजी मंदिर प्रांगण में भी धर्मयात्रा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयोजक उमेश व्यास एवं सहसंयोजक विजय कोचर ने बस्तीवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंबेडकर बस्ती की 12 गलियों के सभी सनातनी समाजजन एमएम ग्राउंड पहुंचकर धर्मयात्रा में सम्मिलित हों। विजय कोचर ने कहा कि नववर्ष का दिन शक्ति और एकता का प्रतीक है और इस दिन हिंदू समाज को अपनी एकजुटता का परिचय देना चाहिए। बैठक को समिति के सह कोषाध्यक्ष किशोर बानठिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर बस्ती में संचालित बाल संस्कार केंद्र की बालिकाओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। बैठक में किशनलाल छीपा, ठाकुर नारायण सिंह, सुरजाराम नायक, सुशील शर्मा, डॉ. गजेंद्र वर्मा सहित बस्ती के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवसंवत्सर धर्मयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।