पलामू में बाल विवाह रोकने गई प्रशासनिक टीम का विरोध, 5 नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज
पलामू, 14 मार्च । पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बभंडी गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर में बाल विवाह रोकने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपितों में निरावत कुमार, संजय चौरसिया, रूपा देवी, राहुल कुमार पाठक और अजीत चौरसिया शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नाबालिग जोड़ों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण हैं।
इस संबंध में चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह अंचल अधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार दास ने शुक्रवार को चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को जिला बाल संरक्षण इकाई को सूचना मिली थी कि तलैया बभंडी गांव के राधा कृष्ण मंदिर में दो नाबालिग जोड़ों की शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना और प्रखंड प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सूचना के आधार पर बीडीओ प्रदीप कुमार दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लड़का-लड़की के आधार कार्ड की मांग की। लेकिन आधार कार्ड मांगते ही दोनों पक्षों के परिजन और वहां मौजूद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
प्रशासनिक टीम द्वारा नाबालिग होने की आशंका जताते हुए विवाह रोकने का निर्देश दिए जाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस दौरान प्रशासनिक टीम का विरोध किया गया और सरकारी वाहन को भी काफी देर तक रोके रखा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।————–