गैस सिलेंडर की कमी से रेस्तरां और ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति प्रणालियों के बंद होने से गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स प्रभावित : कांग्रेस
नई दिल्ली, 14 मार्च । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी के कारण कई रेस्तरां और ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति प्रणालियों के बंद होने से पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। दिल्ली में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स बेरोजगारी के कगार पर हैं। उन्होंने इस आकस्मिक संकट से उभारने के लिए उन्हें तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने की सरकार के मांग की है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि गिग वर्कर शहर के अनौपचारिक कार्यबल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनमें से कई परिवहन, डिलीवरी और ई-कॉमर्स सेवाओं में लगे हुए हैं। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण उत्पन्न होने वाले इस संकट का पूर्वानुमान लगाने में सरकार की विफलता से गैस की अचानक कमी ने लाखों श्रमिकों को बेरोजगार कर दिया है, जिनमें गिग वर्कर, रसोइया, वेटर और खाद्य व्यवसाय से जुड़े अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में एलपीजी गैसे सिलेंडर की कमी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सीमित संसाधनों वाले गरीब परिवार कालाबाजारी के कारण खाना पकाने की गैस नहीं खरीद पा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली सरकार पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने में विफल रहने और न ही गैस आपूर्ति इकाइयों में पर्याप्त गैस स्टॉक सुनिश्चित कर पाई है।